कलेक्ट्रेट के तीन नए कर्मचारी संक्रमित, 18 केस मिले

18 मरीजों ने कोविड को किया परास्त, मिली छुट्टी
छतरपुर। कलेक्टर कार्यालय में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ते जा रहे हैं। छतरपुर एसडीएम और एडीएम के संक्रमित मिलने के बाद रविवार को कलेक्ट्रेट के तीन नए कर्मचारियों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इनमें एक महिला और पुरूष शामिल हैं। कर्मचारी कलेक्ट्रेट की खाद्य शाखा और एनआईसी शाखा में कार्यरत हैं। साथ ही रविवार को सागर से आई 257 सेम्पलों की रिपोर्ट में 11 पॉजिटिव पाए गए तो वहीं जिला अस्पताल में रेपिड किट से की गई जांच में 5 व खजुराहो में दो मरीजों की पुष्टि हुई। इसी तरह 18  मरीजों ने कोरोना को परास्त कर इस महामारी से मुक्ति पाई है।
 कोरोना कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को आए नतीजों में कलेक्ट्रेट के एनआईसी में पदस्थ 34 वर्षीय पुरूष कर्मचारी, खाद्य शाखा में कार्यरत 45 वर्षीय महिला कर्मचारी एवं एक अन्य 33 वर्षीय कर्मचारी में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसी तरह राजनगर के बजरिया इलाके से 32 वर्षीय महिला, सेवाग्राम खजुराहो से 40 वर्षीय पुरूष, विद्याधर कॉलोनी खजुराहो से 19 वर्षीय युवक, बसारी पीएनसी प्लांट से 32 वर्षीय युवक, ग्राम भियांताल से 50 वर्षीय पुरूष, ग्राम कर्री से 22 वर्षीय युवक, सरवई से 70 वर्षीय पुरूष और 22 वर्षीय युवक में कोरोना संक्रमण मिला है। 
कोरोना से आज 3 लोगों की मौत
छतरपुर। कोरोना से पिछले 24 घंटे में 3 लोगों की मौत हो गई। एशियन फर्नीचर के मालिक मो. सगीर ने चिरायु हॉस्पिटल भोपाल, मऊ दरवाजा निवासी त्रिलोक चंद जैन (80) का महाराष्ट्र के जलगांव और घुवारा के बर्तन व्यापारी ने भोपाल में दमतोड़ दिया। त्रिलोक चंद जैन को हार्ट प्रॉब्लम होने से वे जलगांव में अपने डॉक्टर दामाद के पास इलाज कराने गए थे, वहां वे कोरोना पॉजिटिव निकले थे। रविवार को उनकी मृत्यु हो गई।